पानापुर(सारण)लखनपुर बंगराघाट पुल मार्ग पर बेलौर गांव के समीप सड़क किनारे बने गड्ढे में डूब जाने से एक बच्चे की मौत हो गयी।मृत बच्चा बेलौर गांव निवासी अनिल राय का पांच वर्षीय पुत्र अनूप कुमार बताया जाता है।मिली जानकारी के अनुसार अनूप मंगलवार की सुबह नौ बजे से ही गायब था।परिजनों द्वारा मंगलवार की देर रात तक उसकी खोजबीन की गयी लेकिन कोई पता नही चल सका।परिजन बुधवार की सुबह स्थानीय थाने में उसके गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे।इसी बीच ग्रामीणों ने लखनपुर सतजोड़ा मुख्य मार्ग के किनारे जेसीबी द्वारा खोदे गये गड्ढे में उसके शव को तैरते देखा।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और चारो ओर चीखपुकार मच गयी।मृत अनूप के शव देख परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे।मृतक अनूप दो भाइयों में सबसे छोटा था।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुँची एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भिजवाया।

0 Comments