श्रद्धालुओं के सुरक्षा व सुविधा की पुख्ता रहेगी व्यवस्था --एसडीओ सोनपुर । श्रावणी मेला 2023 की तैयारी हेतु अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर के अध्यक्षता में शनिवार को संबंधित अधिकारियों ,जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों के साथ एक बैठक आहूत की गई । इस बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि इस वर्ष 4 जुलाई से सावन मास आरंभ होने जा रहा है । इस बार 8 सोमवारी पड़ रहा है क्योंकि दोमास लग रहा है । प्रत्येक वर्ष सावन मास के अवसर पर सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत पहलेजा व हरिहरनाथ मंदिर में सावनी मेला का आयोजन किया जाता है । अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में श्रावणी मेले में पहुंचने वाले भारी संख्या में श्रद्धालुओं की पहलेजाघाट तथा कालीघाट पर स्नान करने व बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी श्रद्धालुओं को नहीं हो तथा पहलेजाघाट गंगा नदी से कांवर लेकर बाबा हरिहरनाथ तक आने या गरीब स्थान तक जाने में कांवरियों को किसी तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े इस पर विचार-विमर्श किया गया । पहलेजाघाट,कालीघाट,हरिहरनाथ मंदिर परिसर सहित अन्य सड़क मार्ग में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था की जायेगी । सुरक्षा की दृष्टि से नदियों में भी ब्रीकेटिंग, एसडीआरएफ की तैनाती ,गोताखोरों की तैनाती, महिलाओं को कपड़ा चेंजिंग रूम बनाने ,बिजली की व्यवस्था, अस्थायी शौचालय , स्वास्थ्य की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के ठहरने व वाहन पार्किंग ,साफ सफ़ाई ,शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने के लिए संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को एसडीओ ने दिशा निर्देश दिया । पहलेजा घाट से लेकर कालीघाट तक कांवर यात्रा में सड़क की मरम्मत करना, पहलेजाघाट स्नान घाट से लेकर कालीघाट, हरिहर नाथ मंदिर सहित सड़क मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से महिला एवं पुरुष पुलिस बल की मुस्तैदी करने की भी बात कही गई । स्नान घाट पर स्काउट एंड गाइड की युवक एवं युवतियों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया । बैठक में चर्चा यह भी हुई कि बाबा हरिहर नाथ मंदिर के पास सड़क के दोनों किनारे जो अतिक्रमण किये हुए है उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाए । जहां डॉक्टर बैठे वहां बोर्ड लगाया जाए तथा सावनी मेले में बेहतर ढंग से संपन्न कराने में जो सहयोग करें उसे सम्मानित किया जाए । बिहार सरकार के मंत्री से सावनी मेले का उद्घाटन कराने का भी जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाया । इस बैठक में उपस्थित रहे सोनपुर एडिशनल एसपी अंजनी कुमार सिंह, नगर कार्यपालक पदाधिकारी रंजीत कुमार, स्टोनो अमरेंद्र सिंह , अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ हरिशंकर चौधरी ,सोनपुर थानाध्यक्ष राजनंदन, हरिहरनाथ ओपी प्रभारी कुंदन तिवारी ,पहलेजा ओपी प्रभारी विश्वमोहन राम, हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार सिंह, दिनेश साहनी, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद कुमार ,स्काउट गाइड के मनीष कुमार, समाजसेवी ज्ञानेंद्र सिंह,तृप्ति नाथ सिंह, मनोज राय ,लालबाबू राय, राजीव मुनमुन, अधिवक्ता सुनील कुमार सिन्हा, पत्रकार विश्वनाथ सिंह, अभय सिंह, संजीत कुमार ,वैभव कुमार ,जनप्रतिनिधि कृष्णा चौधरी ,गायत्री देवी ,अमरेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे ।